Asian Games में भारत की गोल्डन शुरुआत, महिला क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीता। एशियन गेम्स 2026 में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 10 ओवर में 99 रन की साझेदारी की। शेफाली 29 गेंदों पर 3 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुईं।
इसके बाद स्मृति मंधाना ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 45 गेंदों में 7 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 79 रन बनाए। मंधाना ने दूसरे विकेट के लिए हरमनप्रीत कौर के साथ 42 रन जोड़े। हरमनप्रीत 19 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।
पारी के अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों पर 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से नाबाद 49 रन बनाए। भारती फूलमाली 7 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, कविशा दिल्हारी और चामुंडी प्रबोदा ने एक-एक विकेट लिया।
69 रन पर सिमटी श्रीलंकाई टीम
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 15.4 ओवर में महज 69 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान चमारी अथापट्टू ने 29 रन की पारी खेली, जबकि कौशिनी नुथ्यांगना ने 14 और कविशा दिल्हारी ने 11 रन बनाए।
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लिए। शेफाली वर्मा, श्रेयांका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट हासिल किए।
इस तरह भारतीय टीम ने 147 रन की बड़ी जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। श्रीलंका को रजत पदक मिलेगा, जबकि इससे पहले कांस्य पदक के मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।



