RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

पीवी ऐप से फसल गिरदावरी का पटवारियों ने किया बहिष्कार

तकनीकी खामियों और काम के दबाव का हवाला, राजस्व पटवारी संघ ने शासन को भेजा ज्ञापन

रायपुर। खरीफ वर्ष 2026-27 की फसल गिरदावरी को लेकर राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़ ने पीवी ऐप के माध्यम से फसल गिरदावरी कार्य का पूर्ण बहिष्कार करने का ऐलान किया है। संघ ने इस संबंध में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव तथा भू-अभिलेख संचालनालय के संचालक को पत्र भेजकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं।

संघ के अनुसार खरीफ गिरदावरी वर्ष 2026-27 के लिए 17 अगस्त 2026 से डीसीएस एवं ऑनलाइन फसल एंट्री का काम शुरू कराया गया था। पटवारियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्य किया जा रहा था, लेकिन अचानक ऑनलाइन फसल एंट्री को पटवारी आईडी से बंद कर दिया गया। इसके बाद 18 सितंबर से पीवी ऐप के माध्यम से फसल गिरदावरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। संघ ने इसी प्रक्रिया का विरोध किया है।

तीन साल पुराने नक्शे में तकनीकी खामियां

पटवारी संघ का कहना है कि पीवी ऐप में उपयोग किए जा रहे नक्शे करीब तीन वर्ष पुराने हैं। इनमें तकनीकी खामियों के कारण बड़ी संख्या में नक्शे शामिल नहीं हैं। कई खसरों का नक्शा विभाजन भी नहीं किया गया है। ऐसे में मौके पर वास्तविक स्थिति के अनुसार फसल का सत्यापन और गिरदावरी करना व्यवहारिक रूप से कठिन हो रहा है।

संघ ने पत्र में कहा है कि खेतों में फसल और पानी की स्थिति के आधार पर प्रत्येक खेत की जानकारी दर्ज करना आवश्यक है। वहीं पीवी ऐप के माध्यम से काम करने में समय और तकनीकी परेशानियां बढ़ रही हैं। इसका सीधा असर फसल गिरदावरी की गुणवत्ता और समयबद्धता पर पड़ने की आशंका जताई गई है।

धान खरीदी की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका

पटवारी संघ ने यह भी तर्क दिया है कि फसल गिरदावरी का रिकॉर्ड आगामी धान खरीदी से जुड़ा हुआ है। यदि तकनीकी खामियों के कारण किसानों की फसल का सही पंजीयन नहीं हो पाया तो किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी हो सकती है। संघ ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शासन की महत्वपूर्ण योजना प्रभावित होने की आशंका भी जताई है।

संघ का कहना है कि पटवारियों पर पहले से ही विभिन्न राजस्व कार्यों का दबाव है। ऐसे में बिना पर्याप्त तैयारी और तकनीकी व्यवस्था के पीवी ऐप के माध्यम से फसल गिरदावरी का अतिरिक्त कार्य सौंपना उचित नहीं है।

शासन से पुराने तरीके से गिरदावरी कराने की मांग

राजस्व पटवारी संघ ने शासन से मांग की है कि पटवारियों पर पीवी ऐप के माध्यम से फसल गिरदावरी कराने का दबाव न बनाया जाए और व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जाए। संघ ने पीवी ऐप के माध्यम से खरीफ फसल गिरदावरी 2026-27 के कार्य का पूर्ण बहिष्कार करने की बात कही है।

संघ ने पत्र की प्रतिलिपि सभी जिला कलेक्टरों एवं जिला स्तरीय राजस्व पटवारी संघ इकाइयों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है। इससे खरीफ गिरदावरी की प्रक्रिया को लेकर राजस्व विभाग और पटवारियों के बीच टकराव की स्थिति बनने के संकेत हैं।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button