मानसून की फिर होगी वापसी, MP के 16 जिलों में बारिश को लेकर मौसम विभाग सतर्क

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 8 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी। इसकी शुरुआत उत्तरी छत्तीसगढ़ से होगी और धीरे-धीरे इसका असर मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में भी देखने को मिलेगा। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात के साथ हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।
8 सितंबर से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 सितंबर को सरगुजा और बलरामपुर में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
9 सितंबर को बारिश का दायरा बढ़ेगा। सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, कोरबा और बलौदाबाजार में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार हैं।
10 सितंबर को 16 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 10 सितंबर को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश की व्यापक गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान सरगुजा, जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी), बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मुंगेली, बलौदाबाजार, रायपुर, बेमेतरा, दुर्ग और महासमुंद में भारी बारिश की संभावना है।
इसके बाद 11 और 12 सितंबर को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं, अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
खरीफ फसलों के लिए राहत की उम्मीद
प्रदेश में अब तक औसत मानसूनी बारिश सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। ऐसे में 8 से 10 सितंबर के बीच होने वाली बारिश धान सहित अन्य खरीफ फसलों के लिए राहत लेकर आ सकती है।
हालांकि, यदि किसी क्षेत्र में लगातार तेज बारिश होती है तो निचले इलाकों के खेतों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में किसानों को खेतों में पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने की सलाह दी गई है।



