RO.NO. 01
खेल

भारत की टीम को लगा बड़ा झटका! श्रीलंका दौरे से पहले चोटिल खिलाड़ी हुआ बाहर

कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन दाएं पैर के अंगूठे में चोट के कारण गाले में होने वाले पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनके दूसरे टेस्ट में खेलने को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

सुदर्शन फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर लगातार नजर रख रही है।

अंगूठे की चोट बनी चिंता का कारण

जानकारी के मुताबिक साई सुदर्शन दाएं पैर में स्ट्रेस रिएक्शन से तेजी से उबर रहे हैं। उन्होंने बल्लेबाजी के साथ फील्डिंग और कंडीशनिंग एक्सरसाइज भी शुरू कर दी है। हालांकि, स्किल वर्क और एक्सरसाइज के बाद दाएं पैर के अंगूठे की मेटाटार्सल हड्डी में दर्द बना हुआ है, जिसे मेडिकल टीम गंभीरता से देख रही है।

एक सूत्र के मुताबिक सुदर्शन को पहले टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट होने में अभी और समय चाहिए। दूसरे टेस्ट में उनकी उपलब्धता पर बाद में फैसला लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल उनके खेलने की संभावना कम मानी जा रही है।

बुमराह के बाद सुदर्शन भी बाहर

श्रीलंका सीरीज से पहले यह भारत के लिए दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी बाएं घुटने की चोट के कारण दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह टीम में आकिब नबी को शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है।

ऐसे में सुदर्शन की चोट ने भारतीय टीम की बल्लेबाजी संयोजन की चिंता भी बढ़ा दी है।

देवदत्त पडिक्कल को मिल सकता है मौका

साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। पडिक्कल ने कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड पर श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ वार्म-अप मैच में शानदार शतक जड़कर अपनी दावेदारी मजबूत की है।

उन्होंने 121 गेंदों में शतक पूरा किया, जिसमें 14 चौके शामिल रहे। इसके बाद उन्हें रिटायर्ड आउट किया गया।

ऋतुराज गायकवाड़ भी विकल्प

टेस्ट टीम में सुदर्शन की जगह किस खिलाड़ी को शामिल किया जाएगा, इसे लेकर अभी आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। हालांकि, चयन समिति ऋतुराज गायकवाड़ को श्रीलंका भेजने पर विचार कर सकती है।

गायकवाड़ जून-जुलाई में इंडिया ‘ए’ टीम के उप-कप्तान के तौर पर श्रीलंका दौरे पर थे। उन्होंने 50 ओवर की ट्राई-सीरीज में हिस्सा लिया था और इसके बाद गाले में रेड-बॉल मुकाबलों में 22, 1 और 13 नाबाद रन बनाए थे।

साई सुदर्शन का टेस्ट रिकॉर्ड

साई सुदर्शन ने अब तक भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 31.91 की औसत से 383 रन बनाए हैं। श्रीलंका के खिलाफ उनकी गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए निश्चित तौर पर चुनौती बढ़ाने वाली है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button