इंस्टाग्राम अकाउंट बंद होने पर केजरीवाल का मेटा पर हमला, बोले- ‘पीएम मोदी के आगे इतना मत झुको’

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में बंद कर दिया गया है। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया कंपनी मेटा (Meta) पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक होने का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा कि उन्हें कंपनी की ओर से बताया गया है कि उनका अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है, लेकिन इसकी कोई वजह नहीं बताई गई।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “आपने मेरा अकाउंट क्यों बंद किया है? इसकी कोई वजह नहीं बताई गई। ईमेल भेजने के बावजूद कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। हमारे प्रधानमंत्री के आगे इतना भी मत झुको, वरना एक दिन वह तुम्हें भारत में सिर्फ उनका ही अकाउंट चलाने की अनुमति देंगे।”
E20 पेट्रोल विवाद के बीच बढ़ा मामला
केजरीवाल का यह बयान ऐसे समय आया है, जब वह लगातार E20 पेट्रोल के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करने का प्रयास भी किया था, हालांकि दिल्ली पुलिस ने उन्हें फिरोजशाह मार्ग पर रोक दिया था।
SIAM रिपोर्ट को लेकर भी लगाए आरोप
इससे पहले केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार ने सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) पर दबाव डालकर E20 ईंधन से जुड़ी एक रिपोर्ट वापस लेने के लिए मजबूर किया। उनके अनुसार, 28 जुलाई को सरकार को सौंपी गई रिपोर्ट में कहा गया था कि E20 ईंधन में क्लोराइड और नमी की मात्रा अधिक होने से वाहनों को नुकसान पहुंच सकता है।
हालांकि, केजरीवाल के इन आरोपों पर समाचार लिखे जाने तक केंद्र सरकार और SIAM की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
आंदोलन जारी रखने का ऐलान
केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी E20 पेट्रोल के मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि यह मुद्दा आम लोगों और वाहन मालिकों के हितों से जुड़ा हुआ है।



