पढ़ाई नहीं रुकेगी! सरकार दे रही ₹30,000 की सहायता, जानिए कौन उठा सकता है फायदा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की मेधावी एवं आर्थिक रूप से जरूरतमंद छात्राओं के लिए राहतभरी खबर है। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपनी छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए प्रतिवर्ष ₹30,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। योजना का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी भी प्रतिभाशाली बेटी की पढ़ाई बाधित न हो, यह सुनिश्चित करना है।
कौन कर सकता है आवेदन?
फाउंडेशन द्वारा निर्धारित पात्रता के अनुसार—
- छात्रा ने 10वीं और 12वीं की परीक्षा किसी मान्यता प्राप्त सरकारी विद्यालय से नियमित छात्रा के रूप में उत्तीर्ण की हो।
- वर्तमान शैक्षणिक सत्र में किसी मान्यता प्राप्त कॉलेज या विश्वविद्यालय में स्नातक (Graduation) अथवा डिप्लोमा के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो।
10 अगस्त से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक चलेगी। पात्र छात्राओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि अंतिम समय की परेशानी से बचा जा सके।
जो छात्राएं पहले चरण में आवेदन नहीं कर पाएंगी, उनके लिए दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।
पिछले वर्ष 827 छात्राओं को मिला लाभ
पिछले शैक्षणिक सत्र में इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 827 छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिला था। फाउंडेशन ने उनके बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से 2 करोड़ 48 लाख रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की थी।
फाउंडेशन का लक्ष्य इस वर्ष अधिक से अधिक पात्र छात्राओं तक योजना का लाभ पहुंचाना है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बेटी की उच्च शिक्षा प्रभावित न हो और वे अपने सपनों को साकार कर सकें।



