भारत टेक्स 2026 में बोले पीएम मोदी, विजन 2030 की झलक है भारत का टेक्सटाइल सेक्टर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत टेक्स 2026 देश के वस्त्र क्षेत्र की क्षमता, समृद्ध विरासत और वैश्विक महत्वाकांक्षा का परिचायक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल भारत की टेक्सटाइल ताकत को दुनिया के सामने प्रदर्शित करेगा, बल्कि वस्त्र क्षेत्र के लिए तैयार किए गए विजन 2030 के रोडमैप को भी प्रतिबिंबित करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा का एक लेख साझा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत टेक्स 2026 देश की संपूर्ण वस्त्र मूल्य श्रृंखला (टेक्सटाइल वैल्यू चेन) को एक मंच पर लाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह आयोजन भारत की मजबूत विनिर्माण क्षमता, समृद्ध वस्त्र विरासत और वैश्विक बाजार में लगातार बढ़ती उपस्थिति को प्रदर्शित करेगा। साथ ही यह भारतीय टेक्सटाइल उद्योग को भविष्य की दिशा देने वाले विजन 2030 की प्राथमिकताओं को भी सामने रखेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारत टेक्स 2026 के माध्यम से भारतीय वस्त्र उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी और निवेश, नवाचार, निर्यात तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह आयोजन भारत को वैश्विक टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



