मेरिट नहीं अब CBT से होगी भर्ती? 33 आत्मानंद स्कूलों में 152 पद अब भी रिक्त

रायपुर। राजधानी रायपुर के 33 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में संविदा शिक्षकों के 152 पद अब भी खाली हैं। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने पहले जारी की गई संविदा भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है, जिससे नए शैक्षणिक सत्र के बीच भी कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है।
कुछ महीने पहले इन रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। 26 मई को पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी गई थी और उम्मीदवार मेरिट सूची का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान विभाग ने पूरी भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी और भर्ती की जिम्मेदारी सीधे DPI को सौंप दी।
भर्ती निरस्त होने के बाद से अब तक नई प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। जबकि 16 जून से प्रदेशभर के स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। ऐसे में संविदा शिक्षक और अभ्यर्थी विभाग के नए आदेश का इंतजार कर रहे हैं।
रायपुर जिले के 33 आत्मानंद स्कूलों में शशिबाला स्कूल गुढ़ियारी, सप्रे स्कूल बूढ़ापारा, काशीराम स्कूल भनपुरी, गवर्नमेंट स्कूल रायपुरा और त्रिमूर्ति नगर स्कूल प्रमुख हैं। इनमें शशिबाला और भनपुरी स्कूल में सबसे अधिक 11-11 पद रिक्त हैं। खाली पदों में व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक, पीटीआई और लैब अटेंडेंट सहित विभिन्न विषयों के पद शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, विभाग भर्ती प्रक्रिया में बदलाव की तैयारी कर रहा है। पहले मेरिट और इंटरव्यू के आधार पर चयन किया जाता था, लेकिन अब कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के जरिए भर्ती किए जाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।



