छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, रायपुर समेत 27 जिलों में बारिश-आंधी की चेतावनी जारी

रायपुर, 24 जून 2026। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तेजी से रफ्तार पकड़ ली है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच गया है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार शाम हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम जिले के कुछ हिस्सों में भी जल्द मानसून के पहुंचने की संभावना है। विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला रहने के संकेत दिए हैं।
तापमान में आई गिरावट
बारिश के बाद प्रदेश के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। बिलासपुर में सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
कई जिलों में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। डौंडी और नांगर में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा बस्तर, कांकेर, गरियाबंद, राजनांदगांव और जगदलपुर सहित कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई।
27 जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है।
ऑरेंज अलर्ट कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों के लिए जारी किया गया है, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जशपुर, बलरामपुर, सूरजपुर समेत 27 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
मानसून की सक्रियता बढ़ने से आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है, जिससे किसानों और आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।



