अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 10 हाइवा जब्त

बलौदाबाजार, 19 जून 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई जारी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम लगातार औचक निरीक्षण और छापेमारी कर रही है।
इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह सिमगा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे 10 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई सुबह करीब 6 बजे जायसवाल फैमिली ढाबा के पास की गई।
एसडीएम सिमगा अतुल शेट्टे ने बताया कि जांच के दौरान कुल 11 हाइवा वाहनों को रोका गया। इनमें से एक वाहन चालक द्वारा वैध परिवहन पास प्रस्तुत किया गया, जबकि शेष 10 वाहन चालकों के पास कोई भी वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
कार्रवाई के दौरान सभी आरोपी चालक वाहन की चाबी निकालकर मौके से फरार हो गए। प्रशासन की टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर वाहनों को जब्त कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



