मामूली विवाद बना जानलेवा: दो स्कूली छात्रों ने एक-दूसरे पर चाकू से किया हमला, एक की मौत

तिल्दा नेवरा |तिल्दा नेवरा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। कक्षा 10वीं के दो स्कूली छात्रों के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया, जिसमें दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 11 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद सासाहोली स्थित यदु भवन परिसर के मंदिर के पास कुछ बच्चे रोज की तरह इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान दो छात्रों के बीच किसी छोटी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।

बताया जा रहा है कि एक छात्र ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से दूसरे पर हमला कर दिया। इसके बाद घायल छात्र ने चाकू छीनकर पलटवार किया। दोनों के बीच हुए इस हमले में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल छात्र को तत्काल मिशन अस्पताल तिल्दा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया है।घटना की सूचना मिलते ही नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस टीम अस्पताल पहुंचकर भी मामले की जानकारी जुटा रही है।इस घटना के बाद पूरे तिल्दा नेवरा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



