अमेरिका व्यापार संबंधों के मूल्यांकन पर संसदीय स्थायी समिति की रायपुर में बैठक आयोजित

रायपुर। राज्यसभा सांसद एवं वाणिज्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की अध्यक्ष डोला सेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को रायपुर के एक निजी होटल में समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक समिति के 10 से 12 जून 2026 तक अहमदाबाद, रायपुर और भुवनेश्वर के अध्ययन दौरा कार्यक्रम के तहत आयोजित की जा रही है।
बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के मूल्यांकन विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, निर्यात-आयात तथा आर्थिक सहयोग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। अध्ययन दौरे का उद्देश्य संबंधित हितधारकों और अधिकारियों से प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त कर विषय पर व्यापक एवं तथ्यपरक रिपोर्ट तैयार करना है।
बैठक में कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों से जुड़े उत्पादकों, प्रसंस्करणकर्ताओं, निर्यातकों तथा विभिन्न उद्योग संघों और वाणिज्य मंडलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अलावा कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा), अखिल भारतीय खाद्य प्रसंस्करण संघ (एआईएफपीए), अखिल भारतीय चावल निर्यातक संघ (एआईआरईए), भारतीय खाद्य एवं पेय संघ (आईएफबीए), कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय तथा वाणिज्य विभाग के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव और अनुभव साझा किए।

बैठक के दौरान भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने, निर्यात संवर्धन को बढ़ावा देने तथा कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के वैश्विक बाजार विस्तार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने व्यापारिक चुनौतियों और अवसरों पर अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर संसदीय स्थायी समिति के सदस्य सांसद अमरा राम, बिश्वजीत सिन्हा, रमेश अवस्थी, अतुल गर्ग, धनंजय भीमराव महाडिक, रेणुका चौधरी, रोजी सैलो दामोदरन, लामनेई सिंगसित, दिलीप यादव, सदानंद महालू शेट तानवड़े, अनीता शुभदर्शिनी, डॉ. शिवपाल सिंह पटेल, आनंद भदौरिया, डॉ. प्रशांत यादवराव पडोले, डॉ. संगीता बलवंत, विजया एस. राजशेखर, राजेन्द्र कुमार तथा गिरधारी यादव उपस्थित रहे।
समिति द्वारा भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा भारतीय कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के निर्यात को नई गति देने के लिए संभावित उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।



