RO.NO. 01
छत्तीसगढ़भाटापारा

भाटापारा को जिला बनाने की मांग तेज, संघर्ष समिति ने विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात

विधायक इंद्र साव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन, मुख्यमंत्री से चर्चा का मिला आश्वासन

भाटापारा (छत्तीसगढ़):भाटापारा को स्वतंत्र जिला बनाए जाने की लंबे समय से चली आ रही मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इसी कड़ी में जिला निर्माण संघर्ष समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक इंद्र साव की अगुवाई में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने भाटापारा को स्वतंत्र जिला घोषित करने की मांग रखते हुए क्षेत्र की जनभावनाओं से अवगत कराया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने पूर्व में गठित दुबे आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि वर्षों से क्षेत्रवासी इस मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिला नहीं बनने से क्षेत्र के लोग निराश और हताश हैं तथा उन्हें अपने अधिकारों से वंचित महसूस हो रहा है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर इस मुद्दे पर सार्थक चर्चा करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनकी अगुवाई में संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराई जाएगी, ताकि अब तक के संघर्ष और जनभावनाओं को सीधे उनके सामने रखा जा सके।
मुलाकात के अंत में डॉ. रमन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को मिठाई खिलाकर विदा किया। इस सकारात्मक आश्वासन के बाद संघर्ष समिति के सदस्यों में उत्साह देखा गया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में विधायक इंद्र साव, पूर्व विधायक नरेंद्र शर्मा, पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार बलदेव भारती, वरिष्ठ अधिवक्ता जी.डी. मानिकपुरी, सुकृत साहू, राजकुमार मल, अजय साहू अमृतांशु, सचिन शर्मा, आशुतोष मिश्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button