मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी माँ के नाम पर लगाया पीपल का पौधा, वन महोत्सव-2026 का हुआ शुभारंभ
'पीपल फॉर पीपुल' अभियान के तहत 15 एकड़ में लगाए गए 2500 से अधिक पीपल के पौधे

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वन महोत्सव-2026 के शुभारंभ अवसर पर नया रायपुर में अपनी मां के नाम पीपल का पौधा लगाकर प्रदेशव्यापी ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2500 से अधिक पीपल के पौधे रोपे गए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीपल का वृक्ष आस्था, आध्यात्मिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक माना जाता है। यह वृक्ष अधिक ऑक्सीजन देने और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस 2024 से शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों के दौरान 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि इस वर्ष ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी किया जाए। उन्होंने लोगों से घर, खेत, विद्यालय, कार्यस्थल और आसपास की खाली जमीन पर अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और प्रदूषण जैसी वैश्विक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन एक पौधा लगाने के संकल्प का भी उल्लेख करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि हरित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में प्रदेशभर में करीब 7 करोड़ 50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित मंत्रिमंडल के सदस्य, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने पीपल के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।



