लोरमी में 250 युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, उप मुख्यमंत्री ने किया संवाद

लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी में कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को निरंतर आगे बढ़ने और अपने कौशल को लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र में चल रही गतिविधियों का अवलोकन किया और प्रशिक्षणार्थियों से उनके अनुभव भी सुने।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय युवाओं को उनकी रुचि और आवश्यकता के अनुरूप निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसईसीएल के सहयोग से 1 अप्रैल से 250 युवा कंप्यूटर, सिलाई और ब्यूटी पार्लर जैसे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में नए कौशल सीखने के प्रति उत्साह उनके उज्ज्वल भविष्य की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करता है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि किसी एक व्यावहारिक कौशल का होना भी आवश्यक है। ब्यूटीशियन, सिलाई और डाटा एंट्री जैसे प्रशिक्षण युवाओं को अतिरिक्त दक्षता प्रदान करते हैं, जिससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के बाद भी सीखने की प्रक्रिया कभी नहीं रुकनी चाहिए। निरंतर अभ्यास और सीखने की प्रवृत्ति ही सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाता है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है, जिससे वे हर परिस्थिति में सम्मानपूर्वक जीवन जी सकते हैं।



