‘रामायण: पार्ट वन’ की रिलीज शेड्यूल में बदलाव संभव, दिवाली से पहले सिनेमाघरों में दस्तक की चर्चा

Bollywood : बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेगा बजट फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव की तैयारी चल रही है और अब इसे दिवाली 2026 से पहले, संभवतः 30 अक्टूबर 2026 को रिलीज किया जा सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और टीम का मानना है कि दिवाली से पहले रिलीज करने पर फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर लंबा रन मिल सकता है। त्योहारों के दौरान दर्शकों की बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर दूसरे हफ्ते में भी कमाई में बड़ा उछाल आने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिल्म को न सिर्फ भारत बल्कि ग्लोबल स्तर पर भी एक बड़ी ब्लॉकबस्टर के तौर पर पेश करने की तैयारी है, जिसके चलते रिलीज रणनीति को बेहद सोच-समझकर तैयार किया जा रहा है।
इसी बीच, फिल्म की बड़ी OTT डील को लेकर भी चर्चा तेज है। खबरों के मुताबिक, कई डिस्ट्रीब्यूटर्स और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने डिजिटल राइट्स के लिए करीब 450 करोड़ रुपये तक का ऑफर दिया है। हालांकि, मेकर्स की ओर से इस डील की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभाएंगी। इसके अलावा सनी देओल, अरुण गोविल, लारा दत्ता, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह और रवि दुबे जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं।
हनुमान जयंती के मौके पर रणबीर कपूर के भगवान राम के लुक को दर्शकों ने काफी सराहा था। अब फैंस को फिल्म की रिलीज डेट और OTT डील की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, क्योंकि इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।



