मोदी सरकार में बड़ा फेरबदल संभव, कई नए नेताओं को मिल सकती है मंत्रिमंडल में जगह

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी में बड़े संगठनात्मक और राजनीतिक बदलावों की चर्चा तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जल्द ही अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं, जिसके बाद केंद्र सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल की संभावना भी बढ़ गई है।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा आगामी चुनावी चुनौतियों और 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर नई रणनीति बना रही है। पार्टी नेतृत्व ऐसे नेताओं को आगे लाने पर जोर दे रहा है जिनकी राज्यों में मजबूत पकड़ हो और जो युवाओं के बीच प्रभाव रखते हों।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद अब तक केंद्रीय मंत्रिमंडल में कोई बड़ा विस्तार या फेरबदल नहीं हुआ है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार सरकार और संगठन दोनों में कई नए चेहरों को अहम जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।
21 मई को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है। हालांकि सरकार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस तरह की बैठकें नियमित प्रक्रिया का हिस्सा होती हैं और इन्हें सीधे मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। इसके बावजूद भाजपा के भीतर चल रही गतिविधियों ने संभावित बदलावों के संकेत जरूर दिए हैं।
पार्टी के अंदर यह चर्चा भी है कि कुछ वरिष्ठ नेताओं को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जबकि युवा और नए चेहरों को केंद्र सरकार में जगह मिल सकती है। भाजपा आगामी वर्षों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर जैसे राज्यों में होने वाले चुनावों को बेहद महत्वपूर्ण मान रही है।
पंजाब में शिरोमणि अकाली दल से गठबंधन टूटने के बाद भाजपा अकेले चुनावी मैदान में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। वहीं उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में संगठन को और मजबूत करने के लिए अनुभवी नेताओं के साथ युवा नेतृत्व को भी आगे लाने की तैयारी चल रही है।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में महिलाओं, युवा नेताओं और प्रोफेशनल बैकग्राउंड वाले चेहरों को भी जगह मिल सकती है। पार्टी अगले दशक की राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए ऐसे नेतृत्व को तैयार करना चाहती है जो लंबे समय तक संगठन और सरकार दोनों में सक्रिय भूमिका निभा सके।
इसी वर्ष भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने 45 वर्षीय नितिन नवीन के सामने सबसे बड़ी चुनौती अनुभवी नेताओं और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने की मानी जा रही है। हालांकि अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व के स्तर पर ही लिया जाएगा।



