RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो डिज़ाइन की प्रतियोगिता

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का नया स्वरूप, अब अधोसंरचना विकास कार्यों में भी निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका

रायपुर :  मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के सुशासन में छत्तीसगढ़ में आधुनिक, सुव्यवस्थित और समावेशी शहरी विकास को नई दिशा दी जा रही है। इसी दृष्टिकोण के तहत राज्य सरकार ने “छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल” का विस्तार करते हुए इसका नाम बदलकर “छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल” कर दिया है।

इस बदलाव के साथ मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश में विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्यों को भी प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करेगा। इससे राज्यवासियों को बेहतर आवास सुविधाओं के साथ आधुनिक और सुव्यवस्थित अधोसंरचना का लाभ मिलेगा।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री  ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हाउसिंग बोर्ड को नए स्वरूप में विकसित किया गया है। अब यह संस्था केवल भवन निर्माण तक सीमित न रहकर व्यापक अधोसंरचना विकास कार्यों को भी गति दे सकेगी।

मंडल के अध्यक्ष  अनुराग सिंहदेव ने बताया कि इस संबंध में विधेयक 17 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत किया गया था। माननीय राज्यपाल की स्वीकृति 21 अप्रैल 2026 को प्राप्त हुई और 24 अप्रैल 2026 को यह अधिनियम छत्तीसगढ़ राजपत्र में प्रकाशित किया गया।

इसी क्रम में आज 12 मई 2026 को आयोजित समय-सीमा बैठक में मंडल के आयुक्त  अवनीश कुमार शरण ने सभी संभागीय, प्रक्षेत्रीय एवं वृत्त कार्यालयों में रीब्रांडिंग के लिए आवश्यक राशि जारी करने तथा नए लोगो डिज़ाइन के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करने हेतु प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए।

कोई भी कर सकता है भागीदारी

“लोगो” के डिजाईन हेतु  प्रतियोगिता में कोई भी व्यक्ति, कलाकार, संस्था, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, छात्र एवं अप्रवासी भारतीय भी भाग ले सकते है। इच्छुक प्रतिभागी नए नाम (छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल) और उसके अवधारणा के अनुरूप “लोगो” डिज़ाइन कर अपने कॉन्सेप्ट नोट सहित आवश्यक जानकारी के साथ ई-मेल (ceocghb@yahoo.com) पर भेज सकते हैं। प्रविष्टि के साथ नाम, पता एवं आधार कार्ड नंबर देना होगा। प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 20 मई 2026 शाम 5 बजे तक है।

इस प्रतियोगिता में भाग लेने वालो से “लोगो” की सॉफ्ट कॉपी CDR, PDF, PNG एवं JPEG फॉर्मेट में स्वीकार की जाएगी। केवल ई-मेल के माध्यम से प्राप्त प्रविष्टियां ही मान्य होंगी।

विजेता को मिलेगा 2.50 लाख रुपये का पुरस्कार

प्रतियोगिता में चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो डिज़ाइन के विजेता को 2 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए मंडल की आधिकारिक वेबसाइटwww.cghb.gov.inपर देखा जा सकता है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button