RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

स्थानीय प्रशासन की नाकामी उजागर: सेंट्रल फ्लाइंग स्क्वायड की बड़ी कार्रवाई, 12 मशीनें जब्त, अवैध रेत भंडारण सील

बलौदा बाजार/आरंग:रायपुर-बलौदा बाजार सीमा पर वर्षों से फल-फूल रहे अवैध रेत खनन के कारोबार पर आखिरकार सख्त कार्रवाई हुई है। केंद्रीय उड़न दस्ते और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने दो दिवसीय गहन अभियान चलाकर आरंग तहसील के चिखली, कुरूद और हरदीडीह रेत घाटों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में अवैध खनन में लगी 12 चेन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील कर दिया गया, वहीं नियमों से अधिक पाए गए रेत भंडारण को भी सील कर नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई खनिज सचिव पी. दयानंद और संचालक रजत बंसल के निर्देश पर की गई, जिसने स्थानीय प्रशासन और जिला खनिज अमले की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

24 घंटे चलता था अवैध खनन का खेल
जानकारी के अनुसार, महानदी के इन रेत घाटों पर लंबे समय से माफियाओं का कब्जा था, जहां दिन-रात चेन माउंटेन मशीनों से अवैध खनन किया जा रहा था। रोजाना करीब 500 से अधिक हाइवा वाहन ओवरलोड रेत का परिवहन कर रहे थे। चौंकाने वाली बात यह है कि यह सब स्थानीय प्रशासन और खनिज विभाग की कथित “खानापूर्ति” के बीच बेखौफ चलता रहा।

ड्रोन सर्वे से खुली पोल
मंगलवार को केंद्रीय टीम ड्रोन और आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। सबसे पहले पूरे क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया गया, जिसमें अवैध खनन, मशीनों की संख्या और रेत के विशाल भंडारण के पुख्ता सबूत जुटाए गए। इसके बाद जमीनी कार्रवाई करते हुए बुधवार देर शाम तक अभियान जारी रहा।

स्टॉक यार्ड में भी बड़ा घोटाला
कार्रवाई के दूसरे चरण में चिखली, कुरूद और समोदा के रेत स्टॉक यार्ड की जांच की गई। चिखली में अनुमति से कई गुना अधिक रेत भंडारण मिला, जिसे तत्काल सील कर दिया गया। स्टॉकिस्ट के खिलाफ नियम उल्लंघन का मामला दर्ज कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि भविष्य में ऐसे मामलों में अनुबंध निरस्त भी किया जा सकता है।

सीमा का फायदा उठाकर चलता रहा खेल
रायपुर और बलौदा बाजार की सीमा पर स्थित इस क्षेत्र में माफियाओं ने प्रशासनिक ढिलाई का जमकर फायदा उठाया। बिना चेक पोस्ट के सैकड़ों हाइवा वाहन रोजाना ओवरलोड रेत लेकर निकलते रहे, जिससे सरकार को भारी राजस्व हानि हुई। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में कुछ प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत भी सामने आ रही है।

जांच के आदेश, माफियाओं में हड़कंप
खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। जब्त मशीनों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

सबसे बड़ा सवाल:
जब वर्षों से यह अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा था, तो स्थानीय प्रशासन आखिर अब तक क्यों चुप था? केंद्रीय टीम की इस कार्रवाई ने न सिर्फ माफियाओं की कमर तोड़ी है, बल्कि जिला प्रशासन की निष्क्रियता को भी उजागर कर दिया है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button