
भाटापारा:भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम परसवानी में मामूली रास्ते और ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी राम यादव ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके घर के सामने रहने वाले कोमल धृतलहरे के परिवार के साथ ट्रैक्टर रखने को लेकर विवाद चल रहा था। 7 अप्रैल 2026 की सुबह ट्रैक्टर के आवागमन को लेकर कहासुनी हुई थी, जो शाम होते-होते उग्र हो गई।
शिकायत के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे कोमल धृतलहरे, उसकी पत्नी संतोषी धृतलहरे, पुत्र प्रमोद धृतलहरे समेत अन्य लोगों ने मिलकर प्रार्थी के घर के सामने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने ईंट और डंडों से हमला किया, जिससे प्रार्थी के सिर में चोट आई और खून बहने लगा। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी प्रमोद कुमार धृतलहरे (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, भाटापारा के समक्ष पेश किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।



