तेज रफ्तार का दिखा कहर,अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को मारी जोरदार टक्कर,

बलरामपुर : बलरामपुर जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर दो जिंदगियां छीन लीं।
जानकारी के अनुसार, वाड्रफनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर मेंढ़ारी रोड पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक पर सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वाहन की तलाश की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी से वाहन चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



