छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की 26वीं किश्त जारी, करोड़ों रुपये सीधे महिलाओं के खाते में

छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना की 26वीं किश्त जारी कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में यह योजना महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण वित्तीय मदद का स्रोत बन चुकी है।
इस बार की किश्त में 68,48,899 महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ 62 लाख 92 हजार रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए हैं। मार्च 2024 में योजना की शुरुआत के बाद अब तक कुल 16,881 करोड़ रुपए हितग्राहियों के खाते में पहुँचाए जा चुके हैं।
गांव-गांव तक लाभ पहुँचा
लाभान्वित महिलाओं में 7773 महिलाएं नियद नेल्ला नार के गांवों की निवासी हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने उन महिलाओं से आग्रह किया है, जिनका ई-केवाईसी अभी तक पूरा नहीं हुआ है, कि वे इसे जल्द पूरा कराएँ। ऐसा करने से वे योजना की राशि बिना किसी बाधा के सीधे अपने खाते में प्राप्त कर सकेंगी।
केवाईसी प्रक्रिया जारी
महतारी वंदन योजना के कुल 68,94,633 हितग्राही हैं, जिनमें से केवल केवाईसी पूरी कर चुकी 68,48,899 महिलाओं को ही इस किश्त का भुगतान किया गया है।
ई-केवाईसी अपडेट का कार्य ई-गवर्नेंस सर्विसेस इंडिया लिमिटेड के माध्यम से 30 जून तक जारी रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में यह प्रक्रिया ग्राम पंचायत भवनों और शहरी क्षेत्रों में वार्ड कार्यालयों में चल रही है।
महिलाओं की खुशी का ठिकाना नहीं
जैसे ही महिलाओं के मोबाइल में योजना की राशि के आने की नोटिफिकेशन आई, उन्होंने खुशी जाहिर की और सोशल मीडिया पर भी अपने अनुभव साझा किए।



