
भाटापारा:ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस का डर खत्म होता नजर आ रहा है, जहां छोटे-छोटे विवाद अब जानलेवा हमलों में बदल रहे हैं। ताजा मामला ग्राम दतरेंगी का है, जहां डीजे में नाचने के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27.03.2026 को प्रार्थी अपने मित्र के साथ शादी कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम दतरेंगी पहुंचा था। परघनी के बाद सभी लोग शादी स्थल की ओर जा रहे थे, तभी अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने दुर्गेश केवट एवं करण निर्मलकर पर बांस के डंडों एवं अन्य भारी वस्तुओं से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद 28.03.2026 को रिपोर्ट दर्ज कर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 161/2026 के तहत धारा 109, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामवासियों से पूछताछ के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 4 आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने डीजे में नाचने के दौरान हुए विवाद को लेकर एक राय होकर बांस के डंडों से मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाना स्वीकार किया।पुलिस ने सभी आरोपियों को दिनांक 02.04.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपी:
प्रेमलाल उर्फ बजरंगी वर्मा (22 वर्ष)
कोहिनूर वर्मा (18 वर्ष)
टुकेश्वर वर्मा (19 वर्ष)
एक विधि से संघर्षरत बालक
यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती असामाजिक प्रवृत्तियों और कानून के प्रति घटते भय को उजागर करती है।




