भाटापारा में 1 से 15 अप्रैल तक लगेगा राजस्व पखवाड़ा शिविर, आम जनता की समस्याओं का होगा मौके पर समाधान

भाटापारा:छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार भाटापारा तहसील क्षेत्र में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक “राजस्व पखवाड़ा” का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर आम नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविरों में नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, नक्शा बंटवारा, भू-अर्जन प्रकरण, फौती नामांतरण, अभिलेख त्रुटि सुधार सहित कई लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा। साथ ही किसानों के खातों में आधार, मोबाइल नंबर और किसान किताब की प्रविष्टि भी सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदन भी शिविर स्थल पर ही ऑनलाइन दर्ज कर समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा। प्राकृतिक आपदा से हुई फसल एवं पशु हानि के मामलों में भी त्वरित कार्यवाही की जाएगी।
राजस्व विभाग द्वारा यह भी निर्देश दिए गए हैं कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों की जानकारी प्रतिदिन संकलित कर प्रस्तुत की जाए और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सभी सेवाओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
शासन की इस पहल का उद्देश्य आम जनता को राहत पहुंचाना और राजस्व संबंधी लंबित मामलों को तेजी से निपटाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को शिविर में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की गई है।



