
भाटापारा-बलौदाबाजार: जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाण पत्र प्राप्त किया है। इसके साथ ही सिमगा अस्पताल जिले का पहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बन गया है जिसे यह सम्मान मिला है।
अस्पताल का आंतरिक मूल्यांकन 16-17 जनवरी 2026 तथा पुनः 27-28 फरवरी 2026 को किया गया, जिसमें सिमगा अस्पताल ने 87 प्रतिशत अंक हासिल करते हुए यह प्रमाण पत्र प्राप्त किया। मूल्यांकन के दौरान आपातकालीन एवं ट्रॉमा, अस्पताल प्रशासन, आंतरिक रोगी विभाग, बाह्य रोगी विभाग, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, औषधालय सहित कुल 8 विभागों की गुणवत्ता परख की गई।
मानकों को पूरा करने के लिए अस्पताल में व्यापक सुधार किए गए हैं। स्वच्छता व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण, दवा वितरण प्रणाली, लेबर रूम एवं ओपीडी सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है। मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और सम्मानजनक उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन और स्टाफ के सामूहिक प्रयासों से यह सफलता संभव हो पाई। इस उपलब्धि की तैयारी अगस्त 2024 से लगातार की जा रही थी, जिसकी निगरानी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अवस्थी के निर्देशन में की गई।
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत स्वास्थ्य संस्थानों का मूल्यांकन सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, दवा उपलब्धता, स्टाफ दक्षता और मरीज संतुष्टि जैसे प्रमुख बिंदुओं पर किया जाता है। इस प्रमाणन से क्षेत्र के नागरिकों को अब और अधिक विश्वसनीय व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।



