
मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबिकापुर की टीम ने नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के सीएमओ और प्रभारी लेखापाल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आमाखेड़ा निवासी चंद्रमणि वर्मा ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह साईं कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर के नाम से फर्म संचालित करता है। उसके द्वारा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 11 में रिटेनिंग वॉल एवं वार्ड क्रमांक 8 में सीसी सड़क निर्माण कार्य किया गया था, जिसका भुगतान 5.90 लाख रुपए लंबित था।
शिकायत में बताया गया कि भुगतान जारी करने के एवज में सीएमओ इशहाक खान और प्रभारी लेखापाल (सहायक राजस्व निरीक्षक) सुशील कुमार द्वारा 9 प्रतिशत कमीशन के रूप में 53 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि कमीशन नहीं देने पर भविष्य के बिलों का भुगतान भी रोक दिया जाएगा।
ACB द्वारा शिकायत का सत्यापन करने पर प्रारंभिक रूप से 20 हजार रुपए रिश्वत लेना पाया गया। इसके बाद 23 मार्च 2026 को ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी सीएमओ इशहाक खान और लेखापाल सुशील कुमार को शेष 33 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



