मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से जापान दूतावास के राजनीतिक मामलों के मंत्री आबे नोरिआकि ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में जापान दूतावास के राजनीतिक मामलों के मंत्री आबे नोरिआकि ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच राज्य में औद्योगिक निवेश, आर्थिक सहयोग और विकास की संभावनाओं को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने आबे नोरिआकि का शॉल ओढ़ाकर और भगवान राम की प्रतिमा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी हालिया जापान यात्रा का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति, निवेश प्रोत्साहन से जुड़ी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के विकास के लिए बेहतर आधारभूत संरचना, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। इन सुविधाओं के कारण निवेशकों को राज्य में आकर्षक अवसर मिल रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक किरण देव और विधायक सुशांत शुक्ला भी उपस्थित रहे।



