छत्तीसगढ़ में 23 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों की नई पदस्थापना, रायपुर-दुर्ग समेत कई जिलों में बदली जिम्मेदारी

रायपुर, 17 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के 23 अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 16 अक्टूबर 2026 को दो अलग-अलग आदेश जारी कर अधिकारियों के स्थानांतरण और नई जिम्मेदारियों की जानकारी दी। यह बदलाव 29 सितंबर को जारी पूर्व आदेश में संशोधन करते हुए किया गया है।
18 अधिकारियों की नई पदस्थापना
जारी आदेश के अनुसार, शिम्मी नाहिद को रायपुर में अपर कलेक्टर बनाया गया है। वीरेंद्र लकड़ा, योगिता देवांगन, चंद्रिका प्रसाद बघेल, राजकुमार तंबोली और प्रकाश कुमार भारद्वाज को क्रमशः जांजगीर-चांपा, राजनांदगांव, बस्तर, जांजगीर-चांपा और कोरबा में अपर कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।
अरुण कुमार खलखो को बलौदाबाजार-भाटापारा में डिप्टी कलेक्टर, अनुराग राणा को नारायणपुर में संयुक्त कलेक्टर, राहुल कुमार रजक को दुर्ग कलेक्टर कार्यालय में वरिष्ठ श्रेणी अधिकारी और ऋचा सिंह को जांजगीर-चांपा में डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है।
इसी तरह, सृष्टि चंद्राकर को दुर्ग और ओम विकास टंडन को जांजगीर-चांपा में डिप्टी कलेक्टर पद पर पदस्थ किया गया है। हेमलता डहरिया को नवा रायपुर स्थित आयुक्त कार्यालय भू-अभिलेख में उपायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगीता अग्रवाल को चिकित्सा शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर में संयुक्त संचालक, मोनिका जय नशीने को माध्यमिक शिक्षा मंडल में उपसचिव और गीता ठाकुर को बिलासपुर स्थित राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण शाला में प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
वहीं, गिरीश कुमार रामटेके को छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल, नवा रायपुर में सचिव बनाया गया है। शिव कुमार गुप्ता को मंडल के सचिव पद के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है।
पांच अन्य अधिकारियों की भी बदली पदस्थापना
सामान्य प्रशासन विभाग के दूसरे आदेश में पांच अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है। इसके तहत दशरथ सिंह राजपूत को भिलाई-चरौदा नगर निगम आयुक्त पद से अपर कलेक्टर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ बनाया गया है। भागवत प्रसाद जायसवाल को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव पद से अपर कलेक्टर, उत्तर बस्तर कांकेर पदस्थ किया गया है।
प्रफुल्ल कुमार रजक को सारंगढ़-बिलाईगढ़ से मुंगेली में डिप्टी कलेक्टर बनाया गया है। दिलीप कुमार उइके को बीजापुर से कोंडागांव और मृणमयी शुक्ला को उत्तर बस्तर कांकेर से मुंगेली में डिप्टी कलेक्टर (परिवीक्षाधीन) के पद पर पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन के इन आदेशों से विभिन्न जिलों और विभागों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। अधिकारियों की नई पदस्थापना से संबंधित विस्तृत जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग के जारी आदेशों में दी गई है।



