पूवर्ती में हिडमा के नाम पर जुटे बाहरी लोग, ग्रामीणों ने किया कड़ा विरोध

सुकमा। जिले के पूवर्ती गांव में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से आए करीब 70–80 लोग गांव के श्मशान घाट पहुंच गए। बताया जा रहा है कि वे एक नक्सली कमांडर हिड़मा और उसकी पत्नी के चिता स्थल पर क्रियाकर्म संबंधी अनुष्ठान करने पहुंचे थे।
ग्रामीणों ने बाहरी लोगों की इस गतिविधि पर आपत्ति जताते हुए इसका विरोध किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सभी लोगों को एहतियातन हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए पूवर्ती से सुकमा लाया गया।
देर रात तक चली पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी को रिहा कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई थी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
इस दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट संदेश दिया कि बाहरी लोग गांव में इस प्रकार की गतिविधियों के लिए दोबारा न आएं। उनका कहना था कि गांव का माहौल खराब करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, हालांकि पुलिस द्वारा सतर्क निगरानी रखी जा रही है।



