RO.NO. 01
खेल

फ्लाइट बुक है, इरादा साफ है — सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान को दिया जवाब

मुंबई। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ लीग मुकाबले से हटने का फैसला किया है। यह मैच तय कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना था।

इस पूरे मामले पर पहली बार भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से कभी इंकार नहीं किया। सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारतीय टीम की कोलंबो के लिए फ्लाइट पहले से बुक है और टीम मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप-ए में रखा गया है। इस ग्रुप में नामीबिया, नीदरलैंड और संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) भी शामिल हैं। टूर्नामेंट की सह-मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं, जबकि पाकिस्तान के सभी मुकाबले श्रीलंका में आयोजित किए जाने हैं।

कैप्टन्स डे प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने कहा,
“हमारी मानसिकता बिल्कुल साफ है। हमने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना नहीं किया है। आईसीसी ने शेड्यूल जारी कर दिया है और बीसीसीआई व सरकार ने न्यूट्रल वेन्यू को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। हमारी फ्लाइट कोलंबो के लिए बुक है और हम वहां जाने वाले हैं।”

उन्होंने यह भी बताया कि टीम के भीतर इसको लेकर चर्चा हो चुकी है और तय कार्यक्रम के अनुसार भारतीय टीम पहले अपना शुरुआती मुकाबला खेलेगी, उसके बाद श्रीलंका के लिए रवाना होगी।

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान सरकार ने अपनी टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की सशर्त अनुमति दी है, जिसके चलते भारत के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार किया गया। इससे पहले पाकिस्तान नेतृत्व की ओर से यह भी संकेत दिए गए थे कि उनकी टीम भारत के खिलाफ खेलने के पक्ष में नहीं है।

वहीं, इस घटनाक्रम पर आईसीसी ने भी चिंता जाहिर की है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद का कहना है कि किसी एक मुकाबले का चयनात्मक बहिष्कार वैश्विक टूर्नामेंट की भावना के अनुरूप नहीं है, जहां सभी योग्य टीमों से तय शेड्यूल के अनुसार खेलने की अपेक्षा की जाती है।

अब सभी की निगाहें आईसीसी और टूर्नामेंट आयोजकों पर टिकी हैं कि भारत–पाक मैच को लेकर आगे क्या फैसला लिया जाता है।

 

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button