RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की झांकी ने मोहा मन, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री समेत यूरोपीय अतिथि हुए प्रभावित

छत्तीसगढ़ : 77वें गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर निकली छत्तीसगढ़ की झांकी ने परेड को ऐतिहासिक रंगों से भर दिया। ‘स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम्’ विषय पर आधारित इस झांकी ने जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत को आधुनिक दृष्टिकोण के साथ देश के सामने प्रस्तुत किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य और विदेशी विशिष्ट अतिथियों ने छत्तीसगढ़ की इस प्रस्तुति को पूरे ध्यान से देखा और तालियों के साथ इसकी प्रशंसा की। दर्शक दीर्घा में मौजूद जनसमूह ने भी जोशीले करतल ध्वनि से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। झांकी के साथ चल रहे छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों के पारंपरिक नृत्य ने पूरे कर्तव्य पथ को जीवंतता से भर दिया।

झांकी का केंद्रबिंदु नवा रायपुर अटल नगर में स्थापित भारत का पहला जनजातीय डिजिटल संग्रहालय रहा, जिसमें देशभर के 14 प्रमुख जनजातीय आंदोलनों को अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से सहेजा गया है। यह संग्रहालय जनजातीय समाज के संघर्ष, आत्मबल और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।

प्रस्तुति के अग्र भाग में 1910 के ऐतिहासिक भूमकाल आंदोलन के नेतृत्वकर्ता वीर गुंडाधुर की वीरता को दर्शाया गया। अंग्रेजी शासन के खिलाफ आदिवासी समाज को एकजुट करने वाले इस महान नायक के संघर्ष को प्रतीकों के माध्यम से प्रभावी ढंग से उकेरा गया। आम की डालियों और लाल मिर्च के प्रतीक विद्रोह की तीव्रता और साहस की कहानी कहते नजर आए।

झांकी के पीछे के हिस्से में छत्तीसगढ़ के प्रथम शहीद वीर नारायण सिंह की शौर्यगाथा को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। अकाल के समय गरीबों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले वीर नारायण सिंह को 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत के रूप में दर्शाया गया। तलवार थामे घोड़े पर सवार उनका रूप दर्शकों में देशभक्ति की भावना भरता रहा।

समग्र रूप से छत्तीसगढ़ की यह झांकी जनजातीय समाज के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम की प्रेरक कहानी बनकर उभरी और गणतंत्र दिवस परेड में राज्य की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को सशक्त रूप से राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने में सफल रही।

 

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button