तातापानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे शामिल

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तातापानी में आज तातापानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री तातापानी पहुंचकर सर्वप्रथम तपेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात मंदिर प्रांगण में स्थित भगवान शिव की विशाल प्रतिमा का अवलोकन करेंगे और बच्चों के साथ पतंग उड़ाकर उत्सव का आनंद लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 667 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार 211 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 200 जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।

महोत्सव स्थल पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टाल लगाए गए हैं, जिनका मुख्यमंत्री निरीक्षण करेंगे। मंचीय कार्यक्रम के अंतर्गत वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
महोत्सव में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिससे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल रहेगा।
मुख्यमंत्री के आगमन और महोत्सव को लेकर तातापानी क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।



