जीएसटी सुधारों पर व्यापारिक संघों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले– सुधारों से उद्योग, व्यापार और आमजन को मिलेगी बड़ी राहत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंगलवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में राज्य के विभिन्न व्यावसायिक संघों के प्रतिनिधियों ने भेंट की और जीएसटी में किए गए सुधारों के लिए आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) भारत की कर प्रणाली में अब तक का सबसे बड़ा सुधार है, जिसने न केवल व्यापार जगत को सशक्त किया है, बल्कि कर संग्रहण और पारदर्शिता में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हालिया सुधारों से उद्योगों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। साथ ही आमजन को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में कर संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे राज्य में विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ये सुधार भविष्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे और भारत को वैश्विक व्यापार में और प्रतिस्पर्धी बनाएंगे।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव राहुल भगत तथा राज्य के विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।