छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: अगले तीन दिनों में तापमान में उछाल, शुष्क मौसम के साथ लोगों को ठंड से राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पर ब्रेक लग गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन राज्य के अधिकतर जिलों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। पिछले 3-4 दिनों से मौसम में गर्माहट का असर दिखने लगा है, जिससे लोगों को भीषण सर्दी से राहत मिली है।
अंबिकापुर सबसे ठंडा शहर:
प्रदेश का सबसे ठंडा शहर अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.5°C दर्ज किया गया। पेंड्रा रोड में 11.8°C, रायपुर में 14.9°C, बिलासपुर में 14.7°C और जगदलपुर में 14.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.8°C रहा।
मौसम शुष्क रहेगा:
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। कुछ जिलों में बादल छाए रहेंगे, जिससे वातावरण में गर्माहट बनी रहेगी और ठंड पर असर पड़ेगा।
रायपुर का मौसम:
राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान साफ रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 16°C के आसपास रहने का अनुमान है। अगले तीन दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है। रायपुर सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।



