विष्णु देव साय ने नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 के समापन में कहा – विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

रायपुर : विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित बीटीआई मैदान में कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा आयोजित नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 के समापन समारोह में शामिल होकर प्रदेश के विकास के लिए व्यापारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कृषि के साथ-साथ व्यापार एवं उद्योग के लिए भी अनुकूल वातावरण बना है, जिसके परिणामस्वरूप व्यापारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि राज्य में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का तीसरा वर्ष चल रहा है और अब तक प्रस्तुत बजटों की थीम क्रमशः “ज्ञान”, “गति” और इस वर्ष “संकल्प” रही है। “ज्ञान” बजट में गरीब, युवा, अन्नदाता किसान और नारी पर विशेष फोकस किया गया था, जबकि “गति” बजट विकास को रफ्तार देने के उद्देश्य से लाया गया। इस वर्ष का “संकल्प” बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास को समर्पित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना पर आधारित है। उन्होंने बताया कि बजट में बस्तर और सरगुजा क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया है। बस्तर को प्राकृतिक रूप से अत्यंत सुंदर बताते हुए उन्होंने कहा कि चार दशक तक नक्सलवाद के कारण यह क्षेत्र विकास से वंचित रहा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व तथा जवानों के साहस के कारण नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और 31 मार्च 2026 तक इसे समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि विगत दो वर्षों में कई बड़े माओवादी मारे गए हैं और बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
सरकार द्वारा अबूझमाड़ और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी के लिए बजट प्रावधान किए गए हैं। साथ ही कृषि और वन उत्पादों के वैल्यू एडिशन पर विशेष कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का लगभग 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 7 करोड़ पौधे लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी लक्ष्य है। राज्य सरकार ने विस्तृत विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है और आने वाले पांच वर्षों में जीएसडीपी दर को दोगुना करने तथा वर्ष 2047 तक 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। नई उद्योग नीति के तहत अब तक लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े निवेश भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए नेशनल ट्रेड एक्सपो के सफल आयोजन के लिए कैट की टीम को बधाई दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी, रायपुर महापौर मीनल चौबे, कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



