कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने राज्यपाल से की सौजन्य भेंट

रायपुर: कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने मंगलवार को राज्यपाल एवं कुलाधिपति रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय का नेतृत्व करने का अवसर देने और संस्थान के विकास के प्रति विश्वास जताने के लिए राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
कुलपति प्रो. दयाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के हित, प्रगति और शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कुलाधिपति के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
भेंट के दौरान विश्वविद्यालय के भावी विकास के लिए तैयार किए गए रोडमैप, विभिन्न योजनाओं और शैक्षणिक विस्तार से जुड़ी रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. दयाल ने उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी मुलाकात की। उन्होंने उच्च शिक्षा सचिव और उच्च शिक्षा आयुक्त के साथ विश्वविद्यालय की प्रगति, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और विकास संबंधी योजनाओं पर चर्चा की। अधिकारियों ने विश्वविद्यालय की उन्नति के लिए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।



