जुआ खेलते बलरामपुर जनपद सदस्य(सभापति) सहित दो गिरफ्तार

बलरामपुर। जिले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत के एक सदस्य (सभापति) समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर कई अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। आशंका जताई जा रही है कि फरार आरोपी जुए में लगी मोटी रकम लेकर भाग निकले।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दहेजवार गोठान के पास जंगल क्षेत्र में लाखों रुपये का जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई जुआरी भागने में सफल रहे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जनपद सदस्य (सभापति) सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 3 हजार रुपये नकद और तीन मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है और जुए में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।



