विधानसभा में गूंजा मंदिरों के जीर्णोद्धार का मुद्दा, इंद्र साव ने उठाए सवाल – पर्यटन मंत्री ने दिया जवाब

छत्तीसगढ़ विधानसभा में बलौदाबाजार-भाटापारा क्षेत्र के धार्मिक स्थलों और मंदिरों के जीर्णोद्धार का मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस विधायक इंद्र साव ने प्रश्नकाल के दौरान पूछा कि क्षेत्र में धार्मिक स्थलों और मंदिरों के जीर्णोद्धार तथा धर्मशाला निर्माण के लिए विभाग को कितने प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और इनमें से कितनों के लिए राशि स्वीकृत की गई है।
इस पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने जवाब देते हुए बताया कि जिले से मंदिरों और धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार के लिए कुल 74 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 16 प्रस्तावों के लिए 78.43 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
विधायक इंद्र साव ने आगे कबीरपंथ के प्रमुख तीर्थ स्थल दामाखेड़ा में बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने की मांग भी उठाई। इस पर पर्यटन मंत्री ने आश्वासन दिया कि जितनी मांग आई है, सरकार उससे दोगुनी राशि उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।
चर्चा के दौरान इंद्र साव ने आरोप लगाया कि बीजेपी मंदिरों के नाम पर चुनाव जीत जाती है, लेकिन काम नहीं होता। इस टिप्पणी के बाद सदन में सत्तापक्ष के विधायकों ने विरोध जताते हुए हंगामा किया और कहा कि सरकार सनातन धर्म और धार्मिक स्थलों के विकास के प्रति पूरी तरह गंभीर है।



