देश
देश को मिला नया CDS : लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि संभालेंगे जिम्मेदारी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। वे वर्तमान CDS जनरल अनिल चौहान का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। इस नियुक्ति के साथ ही देश की तीनों सेनाओं के समन्वय और सैन्य रणनीति की अहम जिम्मेदारी अब लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि के कंधों पर होगी।
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि वर्तमान में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 1 सितंबर 2025 से यह जिम्मेदारी संभाली हुई है। इससे पहले वे 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक सेना के उप प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। वहीं मार्च 2023 से जून 2024 तक उन्होंने केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) का दायित्व निभाया।
दिसंबर 1985 में गढ़वाल राइफल्स में कमीशन प्राप्त करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि का सैन्य करियर 37 वर्षों से अधिक का रहा है। उन्होंने देश के विभिन्न संवेदनशील और संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। चीन और पाकिस्तान सीमा से जुड़े इलाकों में उनके व्यापक अनुभव को उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जाता है।
अपने लंबे सैन्य करियर के दौरान उन्होंने कई कमान, स्टाफ और प्रशिक्षण पदों पर कार्य किया है। उनकी रणनीतिक समझ और नेतृत्व क्षमता के कारण उन्हें सेना के वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारियों में गिना जाता है।
शिक्षा और प्रशिक्षण की बात करें तो लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के स्नातक हैं। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम के ब्रैक्नेल स्थित जॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज तथा नई दिल्ली स्थित नेशनल डिफेंस कॉलेज में भी उच्च स्तरीय सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
इसके अलावा उन्होंने किंग्स कॉलेज लंदन से मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री और मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन में एमफिल की उपाधि हासिल की है।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, सेना पदक और विशिष्ट सेवा पदक जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।



