कुसमी में अवैध खनन की जांच के दौरान विवाद, ग्रामीण की मौत के बाद तनाव

बलरामपुर : कुसमी क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत पर पहुंचे प्रशासनिक अमले के दौरान हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। हँसपुर गांव में बीती रात हुई घटना के बाद एक ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके चलते इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
परिजनों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कथित रूप से मारपीट हुई, जिससे ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कुसमी पुलिस द्वारा एसडीएम करुण डहरिया समेत अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
उधर, गांव में आक्रोश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच पारदर्शी ढंग से की जाएगी।



