भीषण गर्मी के चलते बढ़ा ग्रीष्मकालीन अवकाश, अब 1 जुलाई से खुलेंगे स्कूल

रायपुर/भाटापारा:छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य शासन ने स्कूलों के ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार पहले घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश 15 जून 2026 तक था, लेकिन अत्यधिक गर्मी और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अवकाश को बढ़ाकर 30 जून 2026 तक कर दिया गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 12 जून 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों में 16 जून से शैक्षणिक सत्र 2026-27 का नियमित संचालन संभव नहीं है। इसलिए राज्य शासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है।
अब प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई 2026 (बुधवार) से प्रारंभ होगा। इस संबंध में सभी संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य बिंदु:
ग्रीष्मकालीन अवकाश 15 जून के बजाय 30 जून तक रहेगा।
नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई 2026 से शुरू होगा।
भीषण गर्मी को देखते हुए शासन ने लिया निर्णय।
सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी।



