औद्योगिक लापरवाही पर सख्ती: 6 मजदूरों की मौत के बाद कलेक्टर का अल्टीमेटम अब हर कारखाने का होगा सेफ्टी ऑडिट

बलौदाबाजार | भाटापारा तहसील अंतर्गत ग्राम बकुलाही स्थित रियल इस्पात एंड एनर्जी प्लांट में हुई भीषण औद्योगिक दुर्घटना, जिसमें 6 श्रमिकों की जान चली गई, के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने जिले में संचालित सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों के अनुपालन हेतु सेफ्टी ऑडिट कराना अनिवार्य कर दिया है।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कारखाना प्रबंधक सेफ्टी ऑडिट की अद्यतन रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। आदेश का पालन नहीं करने वाले उद्योगों पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जारी आदेश के तहत जिन प्रमुख उद्योगों को सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, उनमें
अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (ग्राम—रावन, हिरमी, सेमराडीह),
- अंबुजा सीमेंट लिमिटेड (ग्राम—रवान),
- नु विस्टा लिमिटेड (ग्राम—रिसदा),
- श्री रायपुर सीमेंट प्लांट (ग्राम—खपराडीह),
- न्यूवोको विस्टास कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ग्राम—रसेड़ा),
- ए.पी.एल. अपोलो बिल्डिंग प्रोडक्ट्स प्रा. लि. (ग्राम—रिंगनी),
- रियल इस्पात एंड एनर्जी प्रा. लि. (ग्राम—बकुलाही)
- एवं अनिमेष इस्पात प्रा. लि. (ग्राम—खजुरी) शामिल हैं।
प्रशासन का साफ कहना है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मजदूरों की जान से खिलवाड़ करने वाले कारखानों पर अब सख्ती तय मानी जा रही है।



