RO.NO. 01
देश

खेल प्रतिभाओं का सम्मान, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन और 3 कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार

नई दिल्ली। युवा मामले और खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी। इस बार विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। वहीं, 3 प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कारों के लिए चयन भारत के सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर किया गया है। सरकार ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं के नामों को मंजूरी दी है।

17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार

अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, शतरंज, हॉकी, कबड्डी, शूटिंग और अन्य खेलों से जुड़े खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वी, प्रियंका गोस्वामी, ट्रीसा जॉली, पुलेला गायत्री गोपीचंद, नरेंद्र, विदित संतोष गुजराती, दिव्या जितेंद्र देशमुख, धनुष श्रीकांत, लालरेमसियामी, राजकुमार पाल, सुरजीत, पूजा, रुद्रांश खंडेलवाल, एकता भ्यान, अरविंद सिंह और अखिल श्योराण शामिल हैं।

अर्जुन पुरस्कार खेल के क्षेत्र में पिछले चार वर्षों के शानदार प्रदर्शन के साथ नेतृत्व क्षमता, खेल भावना और अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दिया जाता है।

अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम भी घोषित

अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए फुटबॉल से जुड़े आई अरुमनायगम का चयन किया गया है। यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने सक्रिय खेल करियर के बाद भी खेलों से जुड़े रहकर उनके विकास और प्रोत्साहन में योगदान दिया है।

3 प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार

द्रोणाचार्य पुरस्कार 2025 के लिए परवीर सिंह (एथलेटिक्स), छोटे लाल यादव (बॉक्सिंग) और नेहा नंदकुमार चव्हाण (शूटिंग) को चुना गया है।

यह पुरस्कार उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने लगातार उत्कृष्ट कार्य करते हुए खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया है।

इसके अलावा द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए बॉक्सिंग के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार का चयन किया गया है।

आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को खेल प्रोत्साहन पुरस्कार

राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे का चयन किया गया है। यह पुरस्कार उन संस्थाओं, कॉरपोरेट इकाइयों और गैर-सरकारी संगठनों को दिया जाता है, जिन्होंने देश में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर वर्ष खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को प्रदान किए जाते हैं। इस बार भी पुरस्कारों के जरिए देश के खेल प्रतिभाओं और प्रशिक्षकों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button