RO.NO. 01
मनोरंजन

क्रिकेट से मनोरंजन की दुनिया तक शहनील गिल का सफर, ‘द ट्रेटर्स 2’ में जीत के लिए लगाएंगी चालें

मुंबई चर्चित रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन का आगाज जल्द होने जा रहा है। शो के पहले सीजन को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था, जिसके बाद नए सीजन को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार भी फिल्ममेकर करण जौहर शो को होस्ट करते नजर आएंगे।

‘द ट्रेटर्स इंडिया सीजन 2’ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी शुभमन गिल की बहन शहनील गिल भी प्रतियोगी के रूप में शामिल होंगी। हाल ही में शो के सभी 21 प्रतियोगियों के नामों का आधिकारिक ऐलान किया गया है, जिसमें शहनील गिल का नाम भी शामिल है।

शहनील का प्रोमो वीडियो वायरल

शो में एंट्री को लेकर शहनील गिल का एक प्रोमो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपने खास अंदाज में अपना परिचय देती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा, “मेरा सरनेम गिल है और मुझे पता है कि कैसे किल करना है।”

शहनील ने सोशल मीडिया पर शो से अपना पहला लुक भी शेयर किया है, जिसके बाद क्रिकेट फैंस और दर्शकों में उन्हें लेकर काफी उत्सुकता बढ़ गई है।

शुभमन गिल का हमेशा बढ़ाती हैं हौसला

बता दें कि शहनील गिल अक्सर क्रिकेट मैदान और स्टेडियम से अपने भाई शुभमन गिल का हौसला बढ़ाते हुए नजर आती हैं। अब वह मनोरंजन की दुनिया में रियलिटी शो के जरिए नई शुरुआत करने जा रही हैं।

‘द ट्रेटर्स’ एक ऐसा रियलिटी शो है, जिसमें भरोसे, रणनीति और धोखे का खेल देखने को मिलता है। इसमें प्रतियोगियों को अपनी पहचान बनाए रखने के साथ-साथ दूसरों की चालों को समझना होता है।

13 अगस्त से शुरू होगा शो

अमेजन प्राइम वीडियो की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ‘द ट्रेटर्स 2’ का ग्लोबल प्रीमियर 13 अगस्त से होगा। शो के नए एपिसोड हर सप्ताह गुरुवार को स्ट्रीम किए जाएंगे। दर्शकों को इस सीजन में नए ट्विस्ट और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button