RO.NO. 01
खेलदेश

रोनाल्डो का यादगार सेलिब्रेशन: आंसू, जुनून और चैंपियन बनने की खुशी

नई दिल्ली। क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक संख्या है। 41 साल की उम्र में रोनाल्डो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अल नासर को सऊदी प्रो लीग का खिताब दिलाया। दमैक के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अल नासर ने 4-1 से जीत दर्ज की, जिसमें रोनाल्डो ने दो गोल दागे।

जनवरी 2023 में अल नासर से जुड़ने के बाद यह पहला मौका है जब रोनाल्डो ने क्लब को चैंपियन बनाया है। पूरे सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने लीग में कुल 28 गोल किए। दमैक के खिलाफ मैच में उन्होंने एक शानदार फ्री किक गोल किया, जबकि दूसरा गोल गोलकीपर को छकाते हुए दागा।

मैच खत्म होने से कुछ मिनट पहले जब रोनाल्डो मैदान से बाहर जा रहे थे, तब स्टेडियम में मौजूद फैंस खड़े होकर तालियां बजाने लगे। यह भावुक पल देखकर रोनाल्डो अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह डगआउट में भी रोते हुए दिखाई दिए।

खिताब जीतने के बाद रोनाल्डो ने अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। ट्रॉफी समारोह के दौरान उन्होंने सिर पर कपड़ा बांधा और टीम के साथ जमकर सेलिब्रेशन किया। इसके बाद वह मैदान में पहुंचे और फैंस के बीच से ड्रम लेकर गोल पोस्ट के पास बजाते नजर आए। रोनाल्डो का यह अंदाज फैंस को बेहद पसंद आया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

यह खिताब FIFA World Cup 2026 से पहले रोनाल्डो के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगा। पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी अपने छठे और संभवतः आखिरी विश्व कप में दमदार प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button