RO.NO. 01
देश

होली में घर जाना होगा आसान, रेलवे उतारेगा 1500 के करीब स्पेशल ट्रेनें

नई दिल्ली। होली के त्योहार को लेकर देशभर में यात्रियों की आवाजाही तेज होने लगी है। इस बढ़ती भीड़ को संभालने और यात्रियों को राहत देने के लिए भारतीय रेलवे ने मार्च माह में बड़े पैमाने पर विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है। रेलवे इस दौरान 1,410 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, जबकि जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाकर लगभग 1,500 तक की जा सकती है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हर साल होली के आसपास घर जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी जोनों को अतिरिक्त ट्रेनें चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े और भीड़ के कारण किसी तरह की परेशानी न हो।

पिछले वर्ष 2025 में होली के मौके पर रेलवे ने 1,144 विशेष ट्रेनों का संचालन किया था। इस बार उससे कहीं अधिक ट्रेनें उतारने की योजना बनाई गई है, जिससे यह साफ है कि रेलवे त्योहार के दौरान यात्रा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दे रहा है।

रेलवे का मानना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से न केवल स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ कम होगी, बल्कि महानगरों से छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों तक आवागमन भी आसान होगा। खासतौर पर उन रूट्स पर अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे, जहां होली के समय यात्रियों की मांग सबसे ज्यादा रहती है।

रेलवे ने संकेत दिए हैं कि यात्रियों की संख्या और बुकिंग के रुझान को देखते हुए अलग-अलग रूटों पर ट्रेनों की संख्या में और इजाफा किया जा सकता है। जल्द ही विभिन्न जोनों द्वारा संचालित की जाने वाली स्पेशल ट्रेनों की रूटवार जानकारी भी जारी की जाएगी।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button