प्री बी.एड. व प्री नर्सिंग परीक्षा की तैयारी पूरी.. 2 घंटे पहले पहुँचना अनिवार्य, ड्रेस कोड सख्ती से लागू

बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (सीजी व्यापम) द्वारा प्री बी.एड. एवं प्री नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 11 जून 2026 को प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की। डीके कॉलेज में आयोजित ब्रीफिंग में उन्होंने केंद्र अध्यक्षों, पुलिसकर्मियों और ऑब्जर्वरों को परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतें, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। सभी परीक्षा केंद्रों में “क्या करें और क्या न करें” की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही व्यापम के दिशा-निर्देशों के अनुसार ड्रेस कोड का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में घड़ी की व्यवस्था हो और समय का सही मिलान किया जाए, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। फ्रिस्किंग के दौरान अभ्यर्थियों के साथ शालीनता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसी परीक्षार्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर उसे अलग ले जाकर कार्रवाई करने को कहा गया है, ताकि अन्य विद्यार्थियों पर इसका प्रभाव न पड़े।
ड्रेस कोड के नियम
परीक्षार्थियों को हल्के रंग के कपड़े पहनना अनिवार्य होगा। गहरे काले, नीले, भूरे या बैंगनी रंग के कपड़े वर्जित रहेंगे। जूते पहनकर आना प्रतिबंधित है, केवल चप्पल की अनुमति होगी। गहने-जेवर पहनना मना रहेगा तथा फुल स्लीव की बजाय हाफ स्लीव कपड़े पहनना होगा। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, हेडफोन सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। पहचान पत्र जैसे आधार, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस की मूल प्रति लाना अनिवार्य है।
परीक्षा केंद्र और अभ्यर्थियों की संख्या
जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्री बी.एड. परीक्षा में 1814 तथा प्री नर्सिंग परीक्षा में 980 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी, सहायक नोडल, केंद्राध्यक्ष, ऑब्जर्वर, पुलिसकर्मी सहित 80 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक 12 परीक्षार्थियों पर एक इन्विजिलेटर तैनात रहेगा।
प्री बी.एड. परीक्षा के लिए डीके कॉलेज, मिनमाता गर्ल्स कॉलेज, पं. चक्रपाणी शुक्ल विद्यालय, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, स्वामी आत्मानंद स्कूल एवं गुरुकुल स्कूल सहित 6 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं प्री नर्सिंग परीक्षा के लिए रिसदा, सकरी, रावन एवं भाटापारा में 4 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों पर व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं और परीक्षार्थियों से समय का पालन करने की अपील की गई है।



