PM मोदी ने बदली ‘ऑपरेशन सिंदूर’ वाली DP, पाकिस्तान को दिया कड़ा संदेश

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक साल पूरे होने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रोफाइल पिक्चर (DP) बदल दी है। नई DP में भारतीय तिरंगे के साथ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का आधिकारिक लोगो दिखाई दे रहा है, जिसे पाकिस्तान के खिलाफ भारत के सख्त रुख और सेना के शौर्य का प्रतीक माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और पराक्रम की जमकर सराहना की। उन्होंने लिखा कि ऑपरेशन सिंदूर में मिली ऐतिहासिक सफलता देश के वीर जवानों की देशभक्ति, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने संस्कृत श्लोक के जरिए सेना के मनोबल और विजय भावना को भी सम्मान दिया।
क्या था ऑपरेशन सिंदूर?
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत 7 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की निर्णायक सैन्य कार्रवाई के रूप में की गई थी। भारतीय सेना और वायुसेना ने संयुक्त अभियान चलाकर पाकिस्तान और पीओके में मौजूद कई आतंकी ठिकानों और लॉन्चपैड्स को निशाना बनाया।
जानकारी के मुताबिक, 6 और 7 मई की मध्यरात्रि भारतीय वायुसेना ने महज 23 मिनट के भीतर 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया, जिसमें करीब 100 आतंकियों के मारे जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की कोशिश करते हुए गुजरात से कच्छ तक ड्रोन हमले किए, लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों ने उन्हें नाकाम कर दिया।
देशभर में सेना के शौर्य को सलाम
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर देशभर में भारतीय सेना के पराक्रम को याद किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की नई DP और उनका संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, वहीं भाजपा नेताओं और समर्थकों ने भी इसे भारत की सैन्य शक्ति और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का प्रतीक बताया है।


