सेहत से खिलवाड़! भाटापारा की दाल मिल में मिलावट का खेल बेनकाब — काला रंग और 316 बोरी उड़द दाल जब्त

बलौदाबाजार, 17 फरवरी 2026। आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी के मार्गदर्शन में टीम ने भाटापारा स्थित दाल मिल का निरीक्षण किया, जहां उड़द दाल में रंग मिलाने की आशंका सामने आई। जांच के दौरान रंग सामग्री और 316 बोरी उड़द दाल जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
टीम ने मंगलवार को सुहेला रोड, खोखली स्थित अन्नपूर्णा ट्रेडर्स (दाल मिल) परिसर की जांच की। निरीक्षण के दौरान ड्रम में काला रंग पाया गया। आशंका है कि इस रंग का उपयोग दाल को कृत्रिम रूप से गहरा और आकर्षक दिखाने के लिए किया जा रहा था, ताकि उपभोक्ताओं को भ्रमित कर बाजार में ऊंचे दाम पर बेचा जा सके।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार खाद्य पदार्थों में अवैध रंग मिलाना गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है। इससे पेट संबंधी समस्याएं, एलर्जी, विषाक्त प्रभाव और दीर्घकालीन बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
मिलावट की शंका के आधार पर रंग और दाल को जब्त कर नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या महिलांग द्वारा की गई, जिसमें भाटापारा पुलिस का सहयोग भी प्राप्त हुआ। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तत्काल दें, ताकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।




