वाराणसी की तर्ज पर हैदराबाद में उड़ेंगी कारें, बदल जाएगा ट्रैफिक सिस्टम

हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने और पर्यटन व पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाने के लिए बड़ा प्लान तैयार किया जा रहा है। HMDA के तहत आने वाली संस्था UMTA वाराणसी मॉडल की तर्ज पर शहर में रोपवे सिस्टम विकसित करने पर काम कर रही है।
इस योजना के तहत मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों और प्रमुख बिजनेस सेंटरों को रोपवे के जरिए जोड़ने की तैयारी है, जिससे लोगों को तेज और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।
PPP मॉडल पर होगा निर्माण
यह पूरा प्रोजेक्ट पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित किया जाएगा, ताकि सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ न पड़े। इसके लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है और नियमों में बदलाव पर भी विचार किया जा रहा है।
पहले चरण में ये रूट प्रस्तावित
शुरुआती चरण में कुतुब शाही टॉम्ब्स (गोलकोंडा क्षेत्र) के 2 किलोमीटर दायरे में रोपवे बनाने की योजना है। इसके बाद 6 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर के जरिए इसे नेहरू जूलॉजिकल पार्क से जोड़ने पर विचार किया जा रहा है। वहीं टैंक बंड से संजीवैया पार्क और हाईटेक सिटी जैसे क्षेत्रों को भी रोपवे नेटवर्क में शामिल करने की तैयारी है।
वाराणसी मॉडल से मिली प्रेरणा
वाराणसी में बन रहा रोपवे देश का पहला बड़ा पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे प्रोजेक्ट है, जहां कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया चौक तक 3.8 किलोमीटर लंबा नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। वहां यह सफर 45–60 मिनट की जगह सिर्फ 16 मिनट में पूरा होगा और रोजाना करीब 96,000 यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
हैदराबाद में भी बड़ी उम्मीदें
हैदराबाद में भी 2–3 किलोमीटर के दायरे में भारी ट्रैफिक को देखते हुए रोपवे को एक बेहतर विकल्प माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिस्टम कम दूरी की यात्रा को आसान बनाएगा और सड़क यातायात का दबाव कम करेगा।
मंजूरी की प्रक्रिया जारी
प्रोजेक्ट के लिए ASI और रक्षा मंत्रालय से NOC लेने की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही मंजूरी मिलती है, निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यदि रोपवे निजी जमीन से गुजरता है, तो मुआवजे के लिए नए नियम बनाने का भी प्रस्ताव है।
इस योजना को शहर के ट्रैफिक सिस्टम में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिससे हैदराबाद की कनेक्टिविटी और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



